RDW टेस्ट हिंदी में: RDW-CV ज़्यादा आए तो मतलब क्या होता है

CBC रिपोर्ट में सब कुछ नॉर्मल, बस RDW के आगे H लगा है? घबराइए मत — RDW ज़्यादा होना अक्सर आयरन की कमी की सबसे पहली निशानी होता है। जानिए RDW क्या है और ज़्यादा आने पर क्या करना चाहिए।
सीबीसी रिपोर्ट आते ही सबसे पहले नज़र हीमोग्लोबिन पर जाती है। वह नॉर्मल दिखा तो राहत मिलती है — फिर एक लाइन पर नज़र रुकती है: RDW के आगे एक छोटा सा "H"। बस, वहीं से घबराहट शुरू। हमारे सेंटर पर हर हफ़्ते कोई न कोई मरीज़ सिर्फ़ यही एक लाइन समझने आता है। आइए, आज इसी को आसान भाषा में समझते हैं।
RDW होता क्या है?
RDW का मतलब है Red Cell Distribution Width — सीधे शब्दों में, आपके लाल खून के कणों के साइज़ में कितना अंतर है। एक मिसाल से समझिए: एक कक्षा के सब बच्चे तकरीबन एक जितनी लंबाई के हों तो सब ठीक है; लेकिन कुछ बहुत छोटे और कुछ बहुत लंबे हों तो कुछ तो गड़बड़ है। RDW वही अंतर नापता है। ज़्यादातर रिपोर्टों में यह RDW-CV के नाम से प्रतिशत में आता है; कुछ मशीनें इसे RDW-SD या RDWa के नाम से भी दिखाती हैं — नाम अलग, काम एक ही है। रिपोर्ट पर छपी अपनी लैब की रेंज ही पढ़ें, आमतौर पर RDW-CV की रेंज 11.5% से 14.5% के आस-पास होती है।
RDW ज़्यादा क्यों आता है?
सबसे आम कारण है आयरन की कमी — और ख़ास बात यह है कि RDW, हीमोग्लोबिन गिरने से पहले ही बढ़ सकता है। इसी लिए कई बार रिपोर्ट में हीमोग्लोबिन नॉर्मल होता है, लेकिन RDW पहले ही चेतावनी दे देता है कि गोदाम ख़ाली हो रहा है। इसके अलावा विटामिन B12 या फोलेट की कमी, खून की कमी का इलाज चल रहा हो (नए कण बनने से साइज़ में अंतर बढ़ता है), हाल ही में खून चढ़ा हो, या कुछ लंबे समय की बीमारियों में भी RDW ज़्यादा आता है। एक बात डॉक्टर ख़ास देखते हैं: अगर MCV कम है लेकिन RDW नॉर्मल है, तो वह थैलेसीमिया ट्रेट की तरफ भी सोचते हैं — यह फ़र्क अकेले RDW से नहीं, पूरी रिपोर्ट से समझ आता है।
RDW कम आए तो?
आमतौर पर RDW कम आना चिंता की बात नहीं होती। असली ध्यान हमेशा ज़्यादा वाले पर जाता है, वह भी तब जब साथ में हीमोग्लोबिन, MCV जैसे बाकी नंबर भी कुछ कह रहे हों।
तो करना क्या है?
पहली बात: अकेला RDW कोई बीमारी नहीं है, एक इशारा है। दूसरी बात: ख़ुद से आयरन की गोली शुरू मत कीजिए — पहले यह पक्का होना चाहिए कि कमी आयरन की ही है, क्योंकि इलाज कारण पर निर्भर करता है। डॉक्टर आमतौर पर पूरी CBC के साथ फेरिटिन और ज़रूरत पड़े तो B12 की रिपोर्ट देखकर फ़ैसला करते हैं। अगर आपकी CBC में RDW ज़्यादा आया है और समझ नहीं आ रहा, तो रिपोर्ट हमें WhatsApp पर +91 9451155402 पर भेज दीजिए — हम बता देंगे कि इसमें आगे कौन सी जांच की ज़रूरत है और कौन सी नहीं। समझाने के पैसे नहीं लगते।